India News (इंडिया न्यूज),Bihar News: शेखपुरा जिले में एसटीएफ ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बेगूसराय के कुख्यात अपराधी गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि  हत्या और लूट समेत 17 आपराधिक मामलों में फरार चल रहे इस अपराधी को शेखपुरा पुलिस और एसटीएफ ने चेवाड़ा प्रखंड के एकाढ़ा गांव से दबोचा।

इलाके की घेराबंदी कर दी

आपको बता दें कि गोलू सिंह बेगूसराय के मटिहानी थाना क्षेत्र के रामदीरी गांव का रहने वाला है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह अपनी बहन के ससुराल एकाढ़ा गांव में बहनोई दिनेश सिंह के घर में छिपा हुआ है। इसके बाद SP बलिराम कुमार चौधरी के निर्देश पर शेखपुरा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में एसटीएफ ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

गोलू सिंह ने फायरिंग शुरू कर दी

पुलिस ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो गोलू सिंह ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली गोलू सिंह के पैर में लगी।  घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे पावापुरी रेफर कर दिया गया।

गोली मार दी

बता दें कि इस संबंध में शेखपुरा एसपी बलिराम चौधरी ने बताया कि गोलू सिंह अपने साले विनोद सिंह के बगीचे में छिपा हुआ था। पुलिस के पहुंचने पर उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की चेतावनी के बावजूद जब वह नहीं रुका तो जवाबी कार्रवाई में उसे गोली मार दी गई।