India News (इंडिया न्यूज), Bihar Weather: हाल ही में पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी महसूस किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में ठंडी हवाओं का प्रभाव बढ़ रहा है, जिससे बिहार सहित अन्य मैदानी इलाकों में ठंड में वृद्धि देखी जा रही है। खासकर, बिहार में तापमान में अचानक गिरावट आई है।
पटना का बदला तापमान
पिछले 24 घंटों में पटना के अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिससे यहां ठंड का असर और अधिक महसूस हो रहा है। तेज सर्द पछुआ हवाएं राजधानी पटना सहित अन्य शहरों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट का कारण बनी हैं।
बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती, नववर्ष पर अद्भुत श्रृंगार और मनमोहक दर्शन
इन जिलों में ऐसा तापमान
बिहार के प्रमुख शहरों में ठंड का असर साफ देखा जा सकता है। पटना में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि भागलपुर में भी तापमान में कमी का असर देखने को मिलेगा। मोतिहारी, जो प्रदेश का सबसे ठंडा शहर बन गया है, यहां तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है।
ठिठुरन बनें रहने की संभावना
इस सर्दी के मौसम में कनकनी का प्रभाव बना हुआ है, खासकर सुबह और शाम के समय। ठंडी हवाओं के कारण तापमान में इस गिरावट से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। आगामी दिनों में 6 जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी भागों में बूंदाबांदी के साथ ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में लोग सर्दी से बचने के उपायों पर जोर दे रहे हैं।