India News (इंडिया न्यूज), Bihar Crime: बेगूसराय जिले में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पंचायत समिति सदस्य (पंस) अर्जुन चौधरी के घर पर दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना चेरिया बरियारपुर प्रखंड कार्यालय के सामने स्टेट हाईवे-55 के किनारे हुई, जहां अचानक गोलियों की गूंज से पूरा इलाका दहल उठा।
मोटरसाइकिल सवार बदमाशों का हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो अज्ञात बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और पंचायत समिति सदस्य अर्जुन चौधरी के घर पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस को घटनास्थल से पांच से छह खोखे बरामद हुए, जिससे यह साफ होता है कि अपराधियों ने करीब से कई राउंड फायरिंग की थी।
UP में 43 दिन बाद क्रब से निकाली गई लाश, बीवी की करतूत जान उड़ जाएंगे होश
राजनीतिक रंजिश के चलते हुआ हमला?
सूत्रों के मुताबिक, इस गोलीबारी के पीछे पंचायती राजनीति से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। चेरिया बरियारपुर प्रखंड में प्रमुख और उप प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर फ्लोर टेस्ट होना था। माना जा रहा है कि इस वोटिंग से पहले ही अर्जुन चौधरी को डराने के लिए इस हमले को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
गोलीबारी की सूचना मिलते ही मंझौल डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में कैंप कर रही है। सदर हेडक्वार्टर डीएसपी रमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए जांच जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद खोखों की जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन फायरिंग के बाद इलाके में जबरदस्त दहशत फैल गई है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेकिन सवाल यह है कि *दिनदहाड़े इस तरह की वारदातें कब तक होती रहेंगी, और अपराधियों के हौसले यूं ही बुलंद रहेंगे?