India News (इंडिया न्यूज),Bihar Darbhanga News: छबिहार के दरभंगा जिले में अपराधी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। यह घटना लहेरियासराय थाना क्षेत्र के अभंडा गांव में हुई। पुलिस पर पत्थरबाजी की गई और उनके हथियार छीनने का प्रयास किया गया। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान हिंसा
पुलिस टीम कोर्ट के आदेश पर फरार आरोपी जितेंद्र कुमार यादव को गिरफ्तार करने गई थी। आरोपी के खिलाफ वारंट और कुर्की का मामला दर्ज था। गिरफ्तारी के दौरान गांव के लोगों ने उग्र होकर पुलिस पर हमला कर दिया। इस हिंसा के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलने पर सिटी एसपी अशोक कुमार और सदर एसडीपीओ अमित कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की सख्ती बढ़ा दी गई है। हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
हमले पर प्रशासन का सख्त रुख
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पुलिस पर इस तरह के हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है, और घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए हैं।