India News(इंडिया न्यूज़),Bihar Election 2025: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। उन्होंने खुद ऐलान किया कि वे काराकाट लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सीट से विधानसभा चुनाव में उतरेंगी।
जानिए क्या बोली ज्योति सिंह?
ज्योति सिंह ने फेसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपने चुनावी इरादों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे जन संकल्प यात्रा के माध्यम से जनता से सीधे संवाद कर रही हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाना है। हालांकि उन्होंने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे किस राजनीतिक पार्टी से चुनाव लड़ेंगी, लेकिन उन्होंने कहा कि वे जल्द ही किसी पार्टी में शामिल होंगी। उनके अनुसार, इस यात्रा को क्षेत्र के लोगों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। खासकर युवाओं और महिलाओं की भागीदारी से उनकी उम्मीदों को बल मिल रहा है। ज्योति सिंह के चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा के बाद क्षेत्र की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। उनके इस कदम को लेकर राजनीतिक विश्लेषक भी चर्चाएं कर रहे हैं।
कुछ दिन पहले संगम में डुबकी लगाने गई थी ज्योति सिंह
हाल ही में ज्योति सिंह ने प्रयागराज में संगम में डुबकी लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। इस वीडियो में वे अपने पति पवन सिंह की तस्वीर के साथ आस्था की डुबकी लगाती नजर आई थीं। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद पवन सिंह ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, “लगता है आज के समय में किसी के लिए भक्ति भाव भी मजाक बन गया है। आगे क्या बोलूं, शायद मेरे मुंह से शोभा नहीं देगा, जय श्री राम।” हालांकि उन्होंने पोस्ट में ज्योति सिंह का नाम नहीं लिया था, लेकिन इस टिप्पणी को ज्योति सिंह के वीडियो से जोड़कर देखा गया।