India News (इंडिया न्यूज), Bihar News: बिहार के मंत्री और जहानाबाद जिले के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जुबानी हमला कर दिया है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि तेजस्वी यादव बार-बार बयान दे रहे हैं कि पार्टी में उनकी सिफारिश करने वालों को टिकट नहीं मिलेगा, लेकिन असली सवाल यह है कि उनसे टिकट कौन मांग रहा है? इसी के साथ ही मंत्री अशोक चौधरी ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राजद की स्थिति काफी कमजोर होने वाली और पार्टी महज 15-20 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी।
निशांत कुमार की एंट्री पर बोले अशोक चौधरी बयान
अशोक चौधरी ने जेडीयू विधायक गोपाल मंडल द्वारा दिए जा रहे विवादित बयानों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गोपाल मंडल अपनी ही पार्टी को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं, जो ठीक नहीं है, तो वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की संभावनाओं पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि अगर वह राजनीति में आना चाहते हैं तो उनका स्वागत है।
बजट पर क्या बोले अशोक चौधरी
अशोक चौधरी ने केंद्र सरकार के 2025-26 के बजट को बिहार के हित में बताते हुए कहा कि इस बार का बजट राज्य के विकास को गति देगा। बिहार के बाढ़ प्रभावित कोसी क्षेत्र के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, साथ ही मखाना व्यापार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा भगवान बुद्ध, भगवान महावीर और विष्णुपद मंदिर के विकास के लिए भी बजट में राशि आवंटित की गई है।
प्रगति यात्रा को बताया ऐतिहासिक
आपको बता दें कि मंत्री अशोक चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए अपने बयान में कहा कि यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं को 25 फरवरी को होने वाली कैबिनेट की बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा। जहानाबाद में 194 सड़कों और 8 पुलों के निर्माण की योजना को मंजूरी दी जाएगी। अरवल मोड़ पर बनने वाले ओवरब्रिज के शिलान्यास की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी।