India News (इंडिया न्यूज),Bihar Weather Today: बिहार में इन दिनों मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले दो दिनों से राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को कुछ जिलों में ओले गिरने के कारण मौसम और भी सुहावना हो गया। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के निदेशक आशीष कुमार के अनुसार, बिहार में अभी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। 21 मार्च से 23 मार्च के बीच राज्य के कई जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
बारिश के पीछे क्या कारण?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव आया है। उत्तरी हरियाणा और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर 3.1 और 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा, हरियाणा के ऊपर समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा सक्रिय है। वहीं, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश से विदर्भ तक ट्रफ रेखा समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर बनी हुई है। इन मौसमी बदलावों के चलते अगले दो-तीन दिनों तक बिहार में बारिश जारी रह सकती है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
सोमवार को राज्य में अधिकतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे गर्मी से राहत मिली। 18 मार्च को बिहार का मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन पछुआ हवाएं मध्यम से तेज गति से चलेंगी। अगले 24 घंटों में बांका, मुंगेर, भागलपुर, शेखपुरा, खगड़िया और बेगूसराय जिलों में तापमान 34-38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि अन्य जिलों में यह 32-34 डिग्री के बीच रहेगा। 21 से 23 मार्च के बीच फिर से तेज बारिश होने के आसार हैं, जिससे राज्य में ठंडक बनी रहेगी।