India News (इंडिया न्यूज), Bihar Weather Update: पिछले एक हफ्ते से बिहार में कड़ाके की ठंड ने लोगों को परेशान कर दिया था। न्यूनतम तापमान 4°C तक पहुंच चुका था और कई जिलों में शीतलहर का असर भी देखने को मिला था। लेकिन अब मौसम में बदलाव आ रहा है, जिससे तापमान में वृद्धि की संभावना है। इसका मुख्य कारण हवा का रुख बदलना है। राज्य में अब पछुआ हवा की जगह पूर्वा हवा चलने लगी है, जिससे आगामी दिनों में तापमान और कुहासा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

पूर्वा हवा का प्रभाव

वैज्ञानिक कुमार गौरव के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत में समुद्र तल से लगभग 12.6 किमी ऊपर 120 नोट्स की गति से जेट स्ट्रीम की हवाएं चल रही हैं। हवाओं की दिशा में बदलाव होने के कारण, पछुआ हवा की जगह अब पूर्वा हवा धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। इसके कारण अगले कुछ दिनों में तापमान में वृद्धि हो सकती है।

अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी पर पुलिस की एक बड़ी कामयाबी, छापेमारी कर तीन आरोपी गिरफ्तार

पूर्वानुमान के अनुसार

बिहार मौसम सेवा केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 04 जनवरी को अधिकतम तापमान 18-20°C और न्यूनतम तापमान 8-12°C के बीच रहने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में 2-3°C तक वृद्धि हो सकती है। आज पटना, नालंदा, बक्सर, भागलपुर, लखीसराय, समस्तीपुर, जहानाबाद, कटिहार, गोपालगंज, सुपौल, सीवान, सारण, पश्चिम चंपारण, वैशाली, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और किशनगंज जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रमुख शहरों का तापमान और AQI

– पटना: अधिकतम तापमान 19.2°C, न्यूनतम तापमान 9.1°C, AQI 308
– मुजफ्फरपुर: अधिकतम तापमान 19.8°C, न्यूनतम तापमान 11.1°C, AQI 249
– गया: अधिकतम तापमान 19.4°C, न्यूनतम तापमान 8.7°C, AQI 188
– भागलपुर: अधिकतम तापमान 20.5°C, न्यूनतम तापमान 7.6°C, AQI 249

हवा की गुणवत्ता में गिरावट

03 जनवरी को बिहार के विभिन्न हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया। किशनगंज में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 25°C और बांका में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4°C दर्ज किया गया। साथ ही, जमुई, वैशाली और बांका में शीतलहर भी रही। हवा की गुणवत्ता भी बिगड़ती जा रही है। 04 जनवरी को रात 12 बजे तक हाजीपुर का AQI 311 और पटना का AQI 306 रिकॉर्ड किया गया, जो हवा की खराब गुणवत्ता को दर्शाता है।

बाबा महाकाल के भस्मारती दर्शन, भांग, काजू, बादाम, किशमिश और चंदन से अलौकिक श्रृंगार एक दिव्य अनुभव