India News (इंडिया न्यूज), Bihar Weather Update: बिहार में बीते कुछ दिनों से तेज धूप के कारण तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली थी। लेकिन अब एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। पछुआ हवा की तेज रफ्तार से कनकनी बढ़ेगी और तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
पछुआ हवा से बढ़ेगी ठंडक
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में पछुआ हवा की वजह से ठंडक फिर से महसूस होगी। हिमालय क्षेत्र में कोहरे की सफेद चादर छाई हुई है, जिसका असर उत्तर बिहार में भी देखने को मिलेगा। जेट स्ट्रीम और चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव के कारण हवा की दिशा बदल गई है। इससे तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। शाम होते ही ठंडी हवाएं चलेंगी और लोगों को कनकनी का अहसास होगा।
समय से पहले गर्मी की दस्तक, उत्तराखंड में चटक धूप से तापमान बढ़ा, बारिश न होने से बढ़ी परेशानिया
8 जिलों में येलो अलर्ट जारी
पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, अररिया, मधुबनी, किशनगंज और सुपौल में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन जिलों में सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है। दोपहर में धूप निकलेगी, लेकिन पछुआ हवा की वजह से धूप में नमी बनी रहेगी। मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
बुधवार को बिहार में अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह घना कोहरा रहेगा, लेकिन दोपहर में धूप निकलेगी। हालांकि, सूरज ढलते ही ठंडक बढ़ेगी और पछुआ हवा की वजह से कनकनी ज्यादा महसूस होगी। मौसम में अचानक बदलाव के कारण लोगों को स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत है। सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े पहनना जरूरी है। वहीं, कोहरे के कारण वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।