India News (इंडिया न्यूज), Mangal Pandey: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार में सियासी गर्मी बढ़ गई है। भाजपा नेता और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राजद दिल्ली में अरविंद केजरीवाल का समर्थन कर बिहारियों का अपमान कर रहा है।
अरविंद केजरीवाल के समर्थन पर मंगल पांडे ने कहा
मंगल पांडे का कहना है कि अरविंद केजरीवाल एक ओर तो बिहारियों को दिल्ली में बोझ मानते हैं, वहीं दूसरी ओर उन्होंने दिल्ली में रोहिंग्याओं और बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने का काम किया है। मंत्री ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव, जो बिहार के युवराज माने जाते हैं, इन घुसपैठियों का समर्थन करने वाले केजरीवाल का साथ देकर बिहारियों के हितों के खिलाफ जा रहे हैं।
Bihar Assembly Election 2025: “225 सीटें जीतेंगे, कार्यकर्ता बंद मुट्ठी…”, बिहार में NDA ने किया मिशन 2025 का आगाज, किया बड़ा दावा
उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने वर्ष 2003 में बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ने के लिए एक सेल का गठन किया था, जो कुछ सालों तक सफल रहा, लेकिन केजरीवाल ने उसे निष्क्रिय कर दिया। इस कारण दिल्ली में बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं की संख्या बढ़ी, जिनका सीधा असर दिल्ली के 30-35 विधानसभा क्षेत्रों पर होता है।
बिहारियों को देना चाहिए मुंहतोड़ जवाब- मंगल पांडे
मंगल पांडे ने यह भी कहा कि दिल्ली में रह रहे बिहारी मतदाताओं को अब एकजुट होकर केजरीवाल और विपक्षी दलों को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि राजद को बिहार में इसके परिणाम भुगतने होंगे। इस बयान से बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ आ सकता है, क्योंकि भाजपा और राजद के बीच यह बयानबाजी चुनावी माहौल को और भी गरम कर सकती है।