India News (इंडिया न्यूज),Judge Savita Singh:बिहार के सारण जिले के मुकरेड़ा गांव की बेटी सविता सिंह, जिन्होंने अमेरिका में न्यायाधीश बनकर इतिहास रचा है, अपने पैतृक गांव आने वाली हैं। आगामी 17 फरवरी 2025 को उनके आगमन की खबर से गांव में उत्साह का माहौल है। स्थानीय ग्रामीण उनके स्वागत और अभिनंदन के लिए जोरशोर से तैयारियों में जुटे हैं।
दक्षिण एशिया की पहली महिला न्यायाधीश का गौरव
सविता सिंह को दक्षिण एशिया की पहली महिला न्यायाधीश बनने का गौरव प्राप्त है। उनके पिता शिवेंद्र प्रसाद सिंह अमेरिका में इंजीनियर और अप्रवासी भारतीय रहे हैं। सविता का परिवार विधि क्षेत्र में प्रतिष्ठित है। उनके दादा रामप्रसाद सिंह छपरा व्यवहार न्यायालय में वरीय अधिवक्ता थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी विधि क्षेत्र से जुड़े हैं।
नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे से बिहार की राजनीति में हलचल,RJD ने साधा निशाना, भाजपा ने किया पलटवार
छात्राओं को मिलेगी प्रेरणा
सविता सिंह अपने दौरे के दौरान राजकुमारी कन्या उच्च विद्यालय की मेधावी बालिकाओं से मिलेंगी और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान करेंगी। धाना देवी मेमोरियल छात्रवृत्ति के तहत पहले से ही इस विद्यालय की छात्राओं को वित्तीय सहायता दी जाती रही है। उनकी इस पहल से गांव की बच्चियों में खासा उत्साह है।
न्याय व्यवस्था पर चर्चा का अनुभव
वरीय अधिवक्ता श्रीनिवास सिंह ने बताया कि सविता सिंह पूर्व में कई बार बिहार दौरे पर आ चुकी हैं। उन्होंने भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर अमेरिका की न्याय व्यवस्था पर चर्चा की थी। उनकी इस यात्रा को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं। सविता सिंह के आगमन पर गांव के नेता, अधिवक्ता, शिक्षक, और ग्रामीण बेहद खुश हैं। वरीय आयकर अधिवक्ता अजय तिवारी, जदयू नेता ब्रजेश कुमार सहित कई लोगों ने खुशी जताई है। उनके आगमन को लेकर गांव में जश्न जैसा माहौल है और उनकी प्रेरणादायी कहानी को लेकर लोग गर्व महसूस कर रहे हैं।