India News Bihar(इंडिया न्यूज़),Ara News: बिहार के भोजपुर में अपराधियों ने बहन की डोली उठने से पहले भाई को मौत के घाट उतार दिया। दरअसल भोजपुर जिले के कारनामेपुर बस स्टैंड के समीप अपराधियों ने एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। युवक अपने चाचा के साथ विवाह स्थान पर जा रहा था। तभी रास्ते में अपराधियों ने बाइक रोककर युवक को एक गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद युवक को इलाज के लिए आरा शहर के एक निजी अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृत युवक कारनामेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ईश्वरपुरा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह का 24 वर्षीय पुत्र राज सिंह है। राज अभी इंटर में पढ़ाई करता था। घटना को लेकर राज के चाचा नरेंद्र सिंह ने बताया कि राज की बहन की आज शादी है। शादी लॉज से हो रही थी। तो बहन समेत पूरे परिवार को स्कॉर्पियो में बैठाकर लॉज के लिए भेज दिया गया था। बारात भी आ गई थी। उसके बाद चाचा नरेंद्र सिंह और राज बाइक से ईश्वरपुरा गांव से बिहिया लॉज के लिए जा रहे थे।
रूपाली गांगुली के शो Anupama के सेट पर हुआ बड़ा हादसा, कैमरा असिस्टेंट की हुई मौत, जानें क्या है पूरा मामला
मृतक के परिजनों ने कहा?
उन्होंने बताया कि राज बाइक चला रहा था और चाचा नरेंद्र सिंह पीछे बैठे थे। जाने के दौरान कारनामेपुर बस स्टैंड के पास पहले से चार अपराधी बैठे थे। राज की बाइक को आता देख अपराधियों ने बाइक रोकी और राज को गोली मारकर फरार हो गए। इस घटना में साकेत नामक युवक शामिल था। वह अन्य तीन लोगों को नहीं जानता है। चाचा से मिली जानकारी के मुताबिक साकेत के साथ स्कूल टाइम से ही राज का विवाद चल रहा है।
नरेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग एक, डेढ़ साल पुराना विवाद है। लेकिन विवाद किस बात को लेकर है, इसकी जानकारी नरेंद्र सिंह को भी नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि राज की बहन किम्मी सिंह की शादी विक्रमगंज के धारुकपुर गांव के रहने वाले प्रकाश सिंह से हो रही है। पूरा परिवार बारात का वेलकम कर रहा था। राज अपनी बहन को तैयार करने के बाद उसे अपने गांव से स्कॉर्पियो में बिठाकर बिहिया लॉज भेजकर बाइक से लॉज जा रहा था। इसी दौरान अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं दूसरी तरफ घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद कारनामेपुर थाना की पुलिस परिजनों से घटना की जानकारी ले रही है। हालांकि अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं चाचा नरेंद्र सिंह के मुताबिक साकेत नामक व्यक्ति के साथ किसी पुरानी विवाद का जिक्र किया गया है। पुलिस हर पहलू पर जानकारी ले रही है। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा छापेमारी शुरू कर दी गई है।