India News (इंडिया न्यूज),Bihar Crime: बिहार शरीफ शहर के बैगनाबाद मोहल्ले में सोमवार देर रात कारोबारी सूरज कुमार के घर गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। बता दें कि मौके से एक खोखा बरामद किया गया है, लेकिन फायरिंग के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
पुलिस को इसकी सूचना दी
आपको बता दें कि इस घटना को लेकर घर की सदस्य रूबी नंदन ने कहा कि रात करीब 10 बजे तेज आवाज सुनाई दी, जिसे उन्होंने पटाखा फूटने की आवाज समझा। लेकिन कुछ देर बाद जब घर के शीशे टूटने की आवाज आई, तो उनके पति और बच्चे बालकनी में पहुंचे। पहले तो उन्हें कुछ समझ में नहीं आया, लेकिन जब दुबारा सोने के समय बालकनी में देखा, तो कांच के टुकड़े फर्श पर बिखरे पड़े थे और शीशे पर गोलाकार निशान बना हुआ था। इधर-उधर पत्थर खोजने के बाद जब फर्श की ओर नजर गई, तो वहां एक खोखा पड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों और पुलिस को इसकी सूचना दी।
फायरिंग की वजह अब तक रहस्य बनी
गोलीबारी की यह घटना शारदा पेट्रोल पंप के संचालक सूरज कुमार के घर पर हुई, जबकि उनके भाई सीमेंट और गिट्टी का कारोबार करते हैं। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। परिवार ने किसी भी तरह के आपसी विवाद या दुश्मनी से मना किया है, जिससे फायरिंग की वजह अब तक रहस्य बनी हुई है।