India News (इंडिया न्यूज), Bihar Weather Update: बिहार में इस सीजन की पहली शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को दक्षिण बिहार के दो जिलों – कैमूर (भभुआ) और रोहतास (सासाराम) में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन जिलों में ठंड का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा, राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं का पड़ रहा असर

मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में इन दिनों उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं का असर है, जो ठंड को बढ़ा रही हैं। अगले पांच दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और सुबह-शाम कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में अधिक बदलाव नहीं होगा, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा।

सर्द हवाओं ने राजस्थान में बढ़ाई ठंड! कई जिलों में धुंध और ठिठुरन ने बढ़ाई परेशानी; जानें आज के मौसम का हाल

गुरुवार को बिहार में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया था। रोहतास जिले के डहरी में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान मधुबनी में 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मुजफ्फरपुर में भी न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस था, जबकि भागलपुर में पहली बार रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरा।

इन जिलों में पड़ेगा असर

डॉ. वीरेंद्र कुमार, सबौर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, भागलपुर जिले में शुक्रवार और शनिवार को रात में ठंड का असर अधिक होगा। इन दिनों ओस और हल्का कोहरा भी देखा जाएगा, हालांकि दिन में सूरज की तपिश से थोड़ी राहत मिलेगी। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं तेज हो रही हैं, जिससे ठंड में इजाफा हो रहा है।

प्रयागराज में महाकुंभ की भव्य तैयारी, PM मोदी करेंगे दौरा; सुरक्षा व्यवस्था के तगड़े इंतजाम