India News (इंडिया न्यूज), Mahashivratri 2025: महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मधुबनी के थाना चौक स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव की आराधना की और राज्य की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। पूजा के बाद गिरिराज सिंह ने प्रेस को संबोधित करते हुए बड़ा बयान दिया कि बिहार में 2025 का विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
डबल इंजन सरकार से बिहार का विकास
गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में बिहार में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने राज्य को तेजी से आगे बढ़ाया है। उन्होंने दावा किया कि बिहार को अब लालू मॉडल नहीं, बल्कि विकास मॉडल चाहिए। उनका कहना था कि तेजस्वी यादव दो बार विधायक और डिप्टी सीएम रह चुके हैं, लेकिन बिहार में कोई बड़ा बदलाव नहीं ला सके।
Bihar Cabinet Expansion: नीतीश कैबिनेट के एक्सपेंशन की सारी तैयारी पूरी, बिहार मंत्रिमंडल में आज शामिल होंगे सात नए मंत्री
गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार बिहार को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त योजनाओं को बिहार की प्रगति का आधार बताया। अपने बयान में गिरिराज सिंह ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू यादव के शासनकाल में बिहार अपराध और भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया था, लेकिन एनडीए सरकार के आने के बाद चौमुखी विकास हो रहा है।
2025 चुनाव की तैयारियां जोरों पर
केंद्रीय मंत्री ने साफ कर दिया कि 2025 का विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी और जेडीयू मिलकर एक मजबूत गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेंगे और जनता को फिर से डबल इंजन सरकार का लाभ मिलेगा। गिरिराज सिंह के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि विपक्ष इस पर क्या प्रतिक्रिया देता है और आगामी चुनाव में कौन-से नए समीकरण बनते हैं।