India News (इंडिया न्यूज),Bihar: सासाराम के ऐतिहासिक चंदतन पहाड़ी पर स्थापित महात्मा बुद्ध की प्रतिमा असामाजिक तत्वों का निशाना बन गई। आपको बता दें कि प्रतिमा को न केवल खंडित किया गया बल्कि पूरी तरह से हटा दिया गया है। अब वहां सिर्फ प्रतिमा का आधार यानी चरण पादुका ही शेष रह गया है। इस घटना से शहरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।

किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा

आपको बता दें कि महात्मा बुद्ध की प्रतिमा खंडित होने की न्यूज फैलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचने लगे। विभिन्न संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से तुंरत कार्रवाई की मांग की है। रोहतास पुलिस प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी तेज कर दी गई है। प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भीम आर्मी के नेता अमित पासवान ने इस घटना को समाज के सौहार्द को बिगाड़ने वाला कृत्य बताया है। उन्होंने बताया कि हमारे पूर्वजों ने कई दशक पहले 300 फीट ऊंची चंदतन पहाड़ी पर महात्मा बुद्ध की प्रतिमा स्थापित की थी। यहां हर साल पेंटिंग और लेखन प्रतियोगिताओं सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते थे। लेकिन अब इस प्रतिमा को नष्ट कर दिया गया है, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने और प्रशासन पर भरोसा रखने की अपील की। प्रशासन ने भरोसा दिया है कि दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।