India News (इंडिया न्यूज), NDLS Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली आशा देवी की मौत हो गई। मृतक आशा देवी बक्सर के नया भोजपुर गांव की निवासी थीं। वह 16 फरवरी की रात मगध एक्सप्रेस से डुमरांव आने वाली थीं। इस दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से उनकी जान चली गई। घटना की सूचना आशा देवी के छोटे बेटे अनुभव सहाय ने फोन कर परिजनों को दी।

गांव में छाया मातम

आशा देवी की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, आशा देवी अपनी भगनी की शादी में शामिल होने के लिए बक्सर के डुमरांव आ रही थीं। मृतका के भसुर ने बताया कि परिवार नोएडा सेक्टर एक्सटेंशन में रहता है। वहीं, मृतक के बेटे अनुभव सहाय ने बताया कि दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में मां की मौत हो गई।

टोल प्लाजा पर गुजरने से पहले ये नियम जरूर जान लें, आज से नया नियम लागू

अंतिम संस्कार की तैयारी

मृतका के देवर वीरेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि आशा देवी राजपुर गांव में 17 फरवरी को भगनी दीपेश की शादी में शामिल होने के लिए आ रही थीं। शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार को घटना से गहरा आघात पहुंचा है। फिलहाल कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद आशा देवी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार और गांववालों में इस हादसे को लेकर गम का माहौल है।