India News (इंडिया न्यूज), Bihar Politics: विकसित भारत यात्रा पर सीवान पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार की सत्ताधारी महागठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश और तेजस्वी के नेतृत्व वाली वर्तमान महागठबंधन सरकार में जंगल राज कायम हो गया है। आम लोगों की कौन कहे दिनदहाड़े पुलिस कर्मियों की हत्या हो रही है।

सीवान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दस महीने यानी जनवरी से अक्टूबर तक जिले में 53 हत्याएं, 56 लूट की घटनाएं, 1171 चोरी की घटनाएं, 272 सामान्य अपहरण की घटनाएं और 12 बलात्कार की घटनाएं हुई हैं। 16 माह पहले बनी इस सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है।

अपराधियों को बचाने का आरोप

राज्य में अपराधियों द्वारा खुलेआम गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा अपराधियों को दिये जा रहे संरक्षण के कारण जनता में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। राज्य से लोगों का पलायन शुरू हो गया है।

हमारे पास नीतीश-तेजस्वी से बेहतर नेता : नित्यानंद

नित्यानंद राय ने आगे कहा कि बिहार में हमारी सरकार बनेगी। नीतीश कुमार को मौके तो बहुत मिले, लेकिन विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बिहार बीजेपी में हजारों-लाखों कार्यकर्ता हैं, जो मुख्यमंत्री का चेहरा हो सकते हैं। वे चेहरे नीतीश और तेजस्वी समेत अन्य पार्टी नेताओं से बेहतर हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि बिहार के बजट में 72 से 73 फीसदी विकास कार्य केंद्र सरकार के पैसे से हो रहा है।

ये बीजेपी नेता रहे मौजूद

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कुमार पांडे, सीवान लोकसभा प्रभारी उमेश प्रधान, पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव, कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, शंभू प्रसाद, राहुल तिवारी, प्रमील कुमार गोप, भाजयुमो जिलाध्यक्ष त्रिलोक सिंह पटेल, शर्मानंद राम और डॉ। कुन्दन। कुमार सिंह उपस्थित थे।

यह भी पढ़ेंः-