India News (इंडिया न्यूज), Patna-Bettiah National Highway: पटना के लोगों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पटना-बेतिया राष्ट्रीय राजमार्ग-139डब्ल्यू (NH-139W) के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस फोर-लेन परियोजना से उत्तर बिहार, सीमांचल और उत्तर प्रदेश से पटना आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। 171.29 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर कुल 8660.70 करोड़ रुपये खर्च होने हैं।
महाकुंभ से UP की GDP में भारी उछाल! CM Yogi के दावे ने चौंकाया; जानें कितना हुआ फायदा?
बता दें कि बेतिया से पटना जाने में करीब 6 घंटे का समय लगता है, जो फोर-लेन सड़क के निर्माण के बाद घटकर सिर्फ 3 घंटे में हो जाएगा। यह हाईवे पटना, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों को जोड़ेगा। इस पूरी परियोजना को कुल 5 सेक्टरों में बांटा गया है, जिनमें से कुछ पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि कुछ के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
बाकरपुर से मानिकपुर: 38.814 किमी, निर्माण कार्य प्रगति पर
माणिकपुर से साहेबगंज: 44.650 किमी, स्वीकृत
साहेबगंज से अरेराज: 38.362 किमी, टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर
अरेराज से बेतिया: 40.580 किमी, टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर
दीघा-बाकरपुर छह लेन पुल: 4.5 किमी, स्वीकृत
3 घंटे में पूरा होगा सफर
इस फोरलेन के निर्माण से लोगों का काफी फायदा होने वाला है। एक ओर जहां पटना से बेतिया का सफर महज 3 घंटे में पूरा हो जाएगा, तो वहीं दूसरी ओर जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होगा, जिससे जाम की समस्या से निजात मिलेगी। उत्तर बिहार और सीमांचल के लिए एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा और व्यापार एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से क्षेत्रीय आर्थिक विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
हाईवे निर्माण जल्द होगा पूरा
आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की मंजूरी के बाद इस परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। इसका निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में बाकरपुर से मानिकपुर के बीच निर्माण कार्य चल रहा है। जल्द ही यह हाईवे उत्तर बिहार और पटना के बीच यातायात की रीढ़ बन जाएगा।