India News (इंडिया न्यूज)PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के भागलपुर पहुंचे हैं। यहां PM मोदी ने किसानों को बड़ी सौगात से नवाजा है। PM मोदी ने सोमवार को भागलपुर मंच से पीएम किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त को भी जारी कर दिया है। इस दौरान उन्होंने बिहार की कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।

PM किसान निधि की किस्त की जारी

PM मोदी ने भागलपुर की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यह शहीद तिलकामांझी की धरती है। यह सिल्क सिटी भी है। बाबा अजगैबीनाथ की इस पावन धरा में इस समय महाशिवरात्रि 2025 की भी खूब तैयारियां देखने को मिल रही है। ऐसे पवित्र समय में मुझे पीएम किसान निधि की एक और किस्त देश के करोड़ों किसानों को भेजने का सौभाग्य मिला है। करीब 22,000 करोड़ रुपये एक क्लिक पर देश भर के किसानों के खाते में पहुंचे हैं।

किसानों की आंखों में खुशी

PM मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि यहां भी कुछ लोगों ने अपना मोबाइल निकालकर पैसे चेक किए तो उनकी आंखों में खुशी की चमक दिखाई दे रही थी। बिहार के भी 75 लाख किसानों के 16 सौ करोड़ रुपये उनके खातों में पहुंच चुके हैं। मैं बिहार और देश के सभी किसान परिवारों को शुभकामनाएं देता हूं। मैंने लालकिले से कहा है कि विकसित भारत के 4 मजबूत स्तंभ हैं: गरीब, अन्नदाता किसान, नौजवान और नारी शक्ति।

NDA सरकार ने स्थिति में किया बड़ा बदलाव

उन्होंने आगे कहा कि NDA सरकार चाहे में हो या फिर यहां नीतीश जी के नेतृत्व में, किसान कल्याण हमारी प्राथमिकता में हमेशा रहेंगे। बीते दशक में हमने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी शक्ति से काम किया है। किसानों को खेती के लिए अच्छे बीज चाहिए, पर्याप्त और सस्ती खाद चाहिए, किसानों को सिंचाई की सुविधा चाहिए, पशुओं का बीमारी से बचाव चाहिए और आपदा के समय नुकसान से सुरक्षा चाहिए। पहले इन सभी पहलुओं को लेकर किसान संकट से घिरा रहता था। जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं, वो इन स्थितियों को कभी नहीं बदल सकते। NDA सरकार ने स्थिति को बदला है।

NDA सरकार न होती तो क्या होता

PM मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि बीते सालों में हमने सैकड़ों आधुनिक किस्म के बीज किसानों को दिए। पहले यूरिया के लिए किसान लाठी खाता था और यूरिया की कालाबाजारी होती थी। आज किसानों को पर्याप्त खाद मिलती है। हमने तो कोरोना के महासंकट में भी किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी। आप कल्पना कर सकते हैं कि अगर NDA सरकार न होती तो क्या होता।