India News (इंडिया न्यूज),Gaya Nitish Pragati Yatra: बिहार के CM नीतीश कुमार गुरुवार को प्रगति यात्रा के क्रम में गया जिला पहुंचे, जहां उन्होंने 1,437.90 करोड़ रुपए की कुल 1,714 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। CM नीतीश कुमार चंदौती प्रखंड के प्रभावती अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। CM ने विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधियों से संबंधित लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने नीरा संग्रहण-सह-बिक्री केंद्र का भी मुआयना किया और उसके विषय में जानकारी प्राप्त की। स्टॉल देखने के दौरान CM ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत करते हुए उनके कार्यों की तारीफ की और हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।
ग्रामीण लाभान्वित होंगे
CM ने अपने गया दौरे के क्रम में 4,587.68 लाख रुपए की लागत से लावकबार बांध निर्माण एवं पईन सिंचाई योजना के जीर्णोद्धार कार्य और कोठी वीयर सिंचाई योजना का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने CM को बताया कि यह कार्य पूर्ण हो जाने से लावाबार, बाहा गणेशपुर, लौटारा, सोबरी, बसुरा, रॉधा और सील्हना गांव के ग्रामीण लाभान्वित होंगे।
विस्तृत जानकारी दी
स्थल निरीक्षण के दौरान CM स्थानीय किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं से भी अवगत हुए। CM ने इमामगंज प्रखंड में प्रस्तावित इमामगंज कोठी-सलैया पथ के चौड़ीकरण और वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे का भी स्थल निरीक्षण किया। साइट मैप के माध्यम से अधिकारियों ने प्रस्तावित पथों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।