India News (इंडिया न्यूज),Samrat Chaudhary on Rahul Gandhi: बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र को नहीं समझते, क्योंकि उनके दादा पंडित जवाहरलाल नेहरू अंग्रेजों की सेवा करके प्रधानमंत्री बने थे। अगर राहुल गांधी वास्तव में लोकतंत्र में विश्वास करते तो वे बार-बार चुनाव प्रक्रिया और संस्थाओं पर सवाल नहीं उठाते।

Video : स्वास्थ्य मंत्री और CMO के टकराव से मचा बावल, सीएम को देनी पड़ी सफाई…डॉक्टरों ने दिया सरकार को अल्टीमेटम

जहां उनकी पार्टी जीतती है, वहां कोई सवाल नहीं

सम्राट चौधरी ने कहा, राहुल गांधी केवल उन राज्यों में चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं, जहां कांग्रेस हारती है। लेकिन जहां उनकी पार्टी जीतती है, वहां वे कभी कोई सवाल नहीं उठाते। यह दोहरे मापदंड का प्रतीक है और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी को तानाशाही मानसिकता वाला बताते हुए कहा कि गांधी परिवार लोकतंत्र का सम्मान नहीं करता, लेकिन जब मनचाहा परिणाम नहीं आता तो लोकतंत्र पर ही सवाल उठाता है। डिप्टी सीएम ने जोर देकर कहा कि बिहार की धरती लोकतंत्र की जननी है और यहां के लोगों को लोकतंत्र पर पूरा भरोसा है। गांधी परिवार को लोकतंत्र की गरिमा और उसके महत्व को समझना चाहिए।

राहुल के एक लेख ने मचा दी थी सियासी हलचल

सम्राट चौधरी का यह बयान राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कथित धांधली का आरोप लगाकर चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाए जाने के बाद आया है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के एक लेख ने राजनीतिक हलचल मचा दी है। यह लेख एक अंग्रेजी अखबार में छपा है, जिसमें राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव प्रक्रिया में धांधली हुई और इसका सीधा फायदा भारतीय जनता पार्टी को मिला। राहुल के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

क्या था राहुल का आरोप

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ‘मैच फिक्सिंग महाराष्ट्र’ शीर्षक से अपना लेख शेयर किया है। “चुनाव कैसे चुराए जाते हैं?” शीर्षक वाले इस लेख में उन्होंने विस्तार से बताया है कि उनके अनुसार किस तरह धांधली के जरिए महाराष्ट्र में 2024 के चुनाव को प्रभावित किया गया। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा, “2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने की एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थे।” उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा की नजर अब बिहार विधानसभा चुनाव पर है जो साल के अंत में होने हैं।

PAK की शहबाज सरकार के हाथ लगा खजाना…सांसदों के वेतन में कर दी 500% की वृद्धि, आम जनता को दिखाया ठेंगा