India News (इंडिया न्यूज), Bihar Weather Today: बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। पटना सहित प्रदेश के 28 जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। पटना का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री की गिरावट के साथ 9.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, समस्तीपुर (पूसा) में 6.4 डिग्री की गिरावट के साथ 5.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।
IMD ने जारी किया अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की संभावना है, लेकिन कोहरा और ठंडी हवाएं स्थिति को और गंभीर बना सकती हैं। गुरुवार को दो दिन बाद धूप निकली, लेकिन वह भी ज्यादा देर तक नहीं रही और फिर कोहरे में घिर गई। उत्तर भारत से आ रही पछुआ हवा के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर कम हो गया, जिससे कनकनी और बढ़ गई।
किन जिलों में रहेगा कोहरे का असर
शुक्रवार को यलो अलर्ट जारी करते हुए कहा गया है कि उत्तर और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है, खासकर पटना और आसपास के क्षेत्रों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है।
यूपी में घने कोहरे और तेज बारिश के बीच IMD की नई भविष्यवाणी, इस दिन से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने 12 जनवरी के लिए बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, और अरवल जिलों में हल्की वर्षा की संभावना जताई है। इसी बीच, रेलवे पर भी कोहरे का असर देखा गया है। कई ट्रेनें, जैसे मगध एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल, चार से तीन घंटे की देरी से चल रही हैं, जबकि राजधानी और संपूर्ण क्रांति जैसी कुछ ट्रेनों का परिचालन समय पर हुआ है।
राज्य के प्रमुख शहरों में आज के तापमान का पूर्वानुमान इस प्रकार है:
– पटना: अधिकतम तापमान 20°C, न्यूनतम तापमान 11°C
– मुजफ्फरपुर: अधिकतम तापमान 18°C, न्यूनतम तापमान 10°C
– भागलपुर: अधिकतम तापमान 20.9°C, न्यूनतम तापमान 9°C
– गया: अधिकतम तापमान 18.9°C, न्यूनतम तापमान 13°C
ठंड और कोहरे के कारण जनता को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है, विशेषकर यात्रा करने वालों के लिए।