India News (इंडिया न्यूज), Bihar Politics: बिहार की राजनीति में शुक्रवार को जबरदस्त सियासी घमासान देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। जानकारी के अनुसार, विधान परिषद में बोलते हुए नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी और लालू यादव पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, “जब इनके पति जेल गए, तो इन्होंने अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। ये लोग महिलाओं के लिए कोई काम नहीं किए हैं।”

दुनिया की 5 ताकतवर महिला, जिनके सामने बड़े-बड़े सूरमा रह गए फीके, जानिए कौन हैं वो?

क्यों भड़के नीतीश कुमार?

दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब राजद एमएलसी उर्मिला ठाकुर ने महिला मुद्दों पर सरकार से सवाल किया। प्रश्नकाल के दौरान जब वे महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछ रही थीं, तभी नीतीश कुमार गुस्से में आ गए। ऐसे में, उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला और खासतौर पर राबड़ी देवी और लालू परिवार को निशाने पर लिया। आगे सीएम ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं। लोग रात में घर से बाहर निकलने से डरते थे और मां-बेटी घर से बाहर जाने में झिझक महसूस करती थीं। लेकिन जब से उनकी सरकार आई है, उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए कई अहम कदम उठाए हैं।

नीतीश ने विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सदन में कहा कि विपक्ष ने कभी भी महिलाओं के कल्याण के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा, “हमने महिलाओं के लिए आरक्षण लागू किया, स्कूलों में साइकिल योजना शुरू की, छात्राओं को प्रोत्साहन राशि दी और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की। लेकिन राजद सरकार के समय महिलाओं को सिर्फ डर के माहौल में रखा गया।” इसके बाद राबड़ी देवी ने सीएम के इस हमले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अपने पद की गरिमा भूलकर व्यक्तिगत हमले कर रहे हैं।

राजनीति में बढ़ी तल्खी

बता दें, नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच हुई इस बहस ने बिहार की सियासत को और गर्मा दिया है। इस कड़ी तकरार के बाद राबड़ी देवी ने दावा किया कि राजद सरकार ने भी महिलाओं के लिए कई योजनाएं चलाई थीं और उनका सम्मान किया था। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में राजद और जदयू के बीच यह सियासी तकरार और तेज हो सकती है।

Bihar Weather Report: बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज! इन जिलों में बरसेंगे बादल, IMD का अलर्ट जारी