अखिलेश यादव की जान को है किससे खतरा! सपा कार्यालय के बाहर बढ़ाई गई कड़ी सुरक्षा; जानें पूरा मामला
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव
India News(इंडिया न्यूज़), Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी के नेता मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी पर सियासत तेज हो गई है। इस मामले को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। इस बीच सपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के आवास और सपा कार्यालय के बाहर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कई थानों की फोर्स सपा कार्यालय के बाहर तैनात कर दी गई है। मनीष जगन अग्रवाल सपा के व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हैं.
समाजवादी पार्टी ने कल देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया था कि मनीष हाई ब्लड प्रेशर के मरीज हैं। उनकी पत्नी गर्भवती हैं, ऐसे में अगर मनीष को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी लखनऊ पुलिस की होगी। वहीं इस पूरे मामले पर लखनऊ पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मनीष जगन अग्रवाल लगातार सोशल मीडिया के जरिए समाज में नकारात्मक बातें और अशांति फैला रहे थे। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
सपा ने योगी सरकार पर लगाया आरोप
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी आज इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। सपा ने लखनऊ पुलिस के सभी आरोपों को नकार दिया है। माना जा रहा है कि इससे पहले या बाद में सपा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। जिसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने इस पूरे मामले पर योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता की बात करने की बजाय योगी सरकार सपा को निशाना बना रही है।
सपा लगातार यूपी की जनता के मुद्दों को उठा रही है, जो भाजपा सरकार को पसंद नहीं है। चाहे वह कुंभ का मामला हो या भ्रष्टाचार का। मनीष अग्रवाल सपा की व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। व्यापारियों के बीच उनकी अच्छी पकड़ है। अभी दो दिन पहले ही सीएम योगी ने कहा था कि कुंभ में इतना पैसा आ रहा है, व्यापार और बजट आ रहा है, जिसके बाद मनीष अग्रवाल ने उनकी पोल खोली कि व्यापारियों को ऊंचे दामों पर जमीन बेची गई और जब व्यापारी लागत भी नहीं निकाल पाए तो उन्होंने विरोध करने की कोशिश की। शायद यही वजह है कि उन्हें गिरफ्तार किया गया।
भाजपा अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए सपा को खलनायक बनाने की कोशिश कर रही है। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र कुंभ में लाश तक नहीं मिली है। लेकिन उस पर कोई चर्चा नहीं होगी। कुंभ में सैकड़ों लोग मरे, कितने लोग मरे, आग लगने की घटनाएं हुईं, उस पर कोई चर्चा नहीं होगी। लेकिन भाजपा सपा को खलनायक बनाने की कोशिश कर रही है। मनीष अग्रवाल इसी का शिकार हैं। आप किसी सभ्य व्यक्ति को आधी रात को गिरफ्तार नहीं कर सकते।
उन्हें पता है कि आप जमीन पर सपा से नहीं लड़ सकते, इसलिए वहां सीआरपीएफ लगा दो, वहां पीएसी लगा दो, क्या आप किसी को घर से निकलने से रोकोगे? हमारी चेतावनी है कि जब सपा विरोध करेगी, तो आपकी यह व्यवस्था काम नहीं करेगी। हमें डराने की कोशिश मत करो।