India News (इंडिया न्यूज), India Q4 GDP 2025: तमाम झंझावातों के बीच देश की अर्थ व्यवस्था के लिए एक खुशी की खबर निकल कर सामने आई है। दरअसल देश की आर्थिक विकास दर में तेजी आई है। सरकार द्वारा 30 मई को जारी आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2025 की अंतिम तिमाही में जीडीपी वृद्धि दर चार तिमाहियों के उच्चतम स्तर 7.4 प्रतिशत पर पहुंच गई। वहीं, वार्षिक वृद्धि दर 6.5% रही।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) के अनंतिम अनुमानों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 के लिए भारत की अर्थव्यवस्था ने 6.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। जनवरी-मार्च तिमाही ने 7.4% की मजबूत वृद्धि के साथ वार्षिक प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया है।
तेजी से आगे बढ़ रही है अर्थव्यवस्था
गौरतलब है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए जीडीपी में 6.5 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया था। हालांकि 2023-24 में भारत की GDP में 9.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह सबसे तेजी से गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनी रही। आधिकारिक आंकड़ों की बात करें तो उसके अनुसार, वित्त वर्ष 2021-22 और 2022-23 में अर्थव्यवस्था 8.7 प्रतिशत और 7.2 प्रतिशत की दर से बढ़ी।
इस तिमाही में चीन भी रह गया छोड़ा
सरकारी आंकड़ों बताते हैं कि मार्च तिमाही में भारत की जीडीपी चीन से भी अधिक रही। एशिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन की जनवरी-मार्च 2025 तिमाही में विकास दर 5.4 प्रतिशत थी। जबकि भारत में यह 7.4 प्रतिशत की गति से चल रही थी। इस लिहाज से भारत ने इस मामले में चीन को पछाड़ दिया।
इन क्षेत्रों में दिखी तेजी
जनवरी-मार्च की तिमाही में में सकल मूल्य वर्धित (जीवीए) की वृद्धि दर 6.8 प्रतिशत रही, जबकि एक साल पहले यह 7.3 प्रतिशत थी। वहीं, जनवरी-मार्च में कृषि क्षेत्र की वृद्धि दर 5.4 प्रतिशत रही, जबकि एक साल पहले यह 0.9 प्रतिशत थी। वित्त वर्ष 2024-25 में निर्माण क्षेत्र में 9.4 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज होने की उम्मीद है।
वित्त वर्ष की जनवरी-मार्च तिमाही में खनन क्षेत्र की वृद्धि दर 2.5 प्रतिशत रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 0.8 प्रतिशत थी। निर्माण क्षेत्र की बात करें तो मार्च तिमाही में 10.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 8.7 प्रतिशत थी।