इंडिया न्यूज, नई दिल्ली:
कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच आज भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई। सेंसेक्स 1416 पॉइंट की गिरावट के साथ 52,792 पर और निफ्टी 430 अंक फिसलकर 15,809 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान बाजार में हर सेक्टर में बिकवाली हावी रही है। इससे पहले सेंसेक्स आज 900 अंक यानि कि 1.66 फीसदी टूटकर 53,308 और निफ्टी 269 अंक यानि कि 1.66 फीसदी की गिरावट के साथ 15971 पर खुला था। खुलते साथ ही दोनों इंडेक्स और नीचे की ओर आने लगे।

सबसे ज्यादा गिरावट इन शेयरों में

आज पूरा दिन ही बाजार में गिरावट देखी गई। सबसे ज्यादा गिरावट बैंक, फाइनेंशियल और आईटी शेयरों में रही है। निफ्टी पर बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स लगभग 2.5 फीसदी कमजोर हुए हैं जबकि आईटी इंडेक्स में 5.5 फीसदी की कमजोरी आई है। मेटल और रियल्टी इंडेक्स में 4 फीसदी और 2.5 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है। इसके अलावा आटो, फार्मा और एफएमसीजी शेयरों में भी बिकवाली रही है।

सेंसेक्स के 28 और निफ्टी के 47 शेयरों में गिरावट

सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर लाल निशान में बंद हुए हैं। आज के टॉप लूजर्स में BAJAJ ट्विंस, INFY, TECHM, WIPRO, TATASTEEL, HCLTECH और SBIN शामिल हैं। वहीं निफ्टी के भी 50 में से 47 शेयर गिरावट में और 3 शेयर बढ़त में बंद हुए हैं।

शेयर बाजार में गिरावट के मुख्य कारण

  1. शेयर बाजार में गिरावट का मुख्य कारण महंगाई है। महंगाई न केवल भारत में बल्कि अमेरिका व यूरोप के कई देशों में भी अपना रिकार्ड तोड़ रही है।
  2. रूस-यूक्रेन युद्ध को लगभग 3 महीने बीत चुके हैं लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला है। इस कारण सप्लाई चेन में दिक्कत आ रही है।
  3. चीन में फिर से कोविड 19 बढ़ रहा है। इसके चलते चीन में कई जगह लॉकडाउन लगा है। आर्थिक मंदी की चिंताओं का असर शेयर बाजारों पर पड़ रहा है। ग्लोबल संकेतों की बात करें तो आज के कारोबार में प्रमुख एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली है।

बुधवार को भारी गिरावट में बंद हुए थे अमेरिकी बाजार

गौरतलब है कि इसके पहले बुधवार को शेयर बाजार लाल निशान में बंद हुआ था। सेंसेक्स में 110 अंकों की गिरावट आई थी जबकि निफ्टी सूचकांक 19 अंक फिसलकर 16,240 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं अमेरिकी बाजारों में भी भारी गिरावट आई थी।

बुधवार को डाऊ जोंस 1,164.52 अंक या 3.57% लुढ़ककर 31,490.07 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डैक 4.73 फीसद या 566 अंकों का गोता लगाकर 11428 के स्तर पर आ गया। इसके अलावा एसएंडपी भी 4.04 फीसद या 165 अंकों की भारी गिरावट के साथ 3923 के स्तर पर बंद हुआ।

ये भी पढ़ें : फिर महंगाई की मार, रसोई गैस 1000 के पार

ये भी पढ़ें : क्यों बढ़ रहे हैं रसोई गैस के दाम, जानिए कैसे तय होती हैं एलपीजी की कीमतें

Connect With Us : Twitter | Facebook Youtube