India News (इंडिया न्यूज), CG Naxal: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के ग्राम हेटारकसा, मर्राम, गोंदूल और आलपरस पहाड़ी जंगल में नक्सली गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 5 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में सभी संदिग्ध व्यक्ति नक्सलियों के सहयोगी पाए गए।
IED ब्लास्ट में शामिल अपराधी
पकड़े गए आरोपियों में बुधुराम कवाची (50 वर्ष), बिरेन्द्र उसेण्डी (38 वर्ष), सुरेश कुमेटी (19 वर्ष), बालसिंग नवगो (35 वर्ष) और दशरथ नवगो (30 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम हेटारकसा, थाना कोयलीबेड़ा के निवासी हैं। पूछताछ में पता चला कि ये सभी 15 दिसंबर 2024 को ग्राम हेटारकसा के पास सुरक्षा बलों पर हुए IED ब्लास्ट में शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अभियान का नेतृत्व
कांकेर जिले में चल रहे इस अभियान का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) अंतागढ़ श्री शुभम तिवारी कर रहे थे। इस अभियान में श्री सुन्दरराज पी. (आईजी बस्तर रेंज), श्री अमित कांबले (डीआईजी कांकेर रेंज), श्री आई.के. एलिसेला (एसएसपी कांकेर), श्री संदीप पटेल (एएसपी भानुप्रतापुर) और श्री आशीष कुमार बंझोर (एएसपी अंतागढ़) का मार्गदर्शन मिला।
कांकेर पुलिस की बड़ी उपलब्धि
नक्सलियों के सहयोगियों की गिरफ्तारी को कांकेर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में शांति स्थापित की जा सके। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे नक्सलियों के बारे में कोई भी सूचना पुलिस को दें। इससे क्षेत्र में नक्सलवाद को समाप्त करने में मदद मिलेगी।
MP बिजली विभाग ने निकली 2573 पदों पर बंपर भर्ती, इस तरीके से करे अवदान…