India News (इंडिया न्यूज), CG News: छत्तीसगढ़ के कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर रायपुर संभागायुक्त महादेव कावरे को नियुक्त किया गया है। जानकारी के अनुसार, उन्हें यह दायित्व संशोधन अधिनियम 2019 के तहत सौंपा गया है।
5 मार्च से संभालेंगे पदभार
बता दें, राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना द्वारा जारी आदेश के अनुसार, महादेव कावरे 5 मार्च से अगले आदेश तक या अधिकतम छह महीने तक कुलपति का कार्यभार संभालेंगे। ऐसे में, वर्तमान कुलपति बल्देव भाई शर्मा का कार्यकाल 4 मार्च को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद महादेव कावरे पदभार ग्रहण करेंगे। जानकारी के मुताबिक इस संबंध में राज्यपाल के सचिवालय से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। यह निर्णय विश्वविद्यालय प्रशासन की निरंतरता बनाए रखने और संस्थान के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।
रायपुर संभागायुक्त का अतिरिक्त दायित्व
इसके साथ-साथ महादेव कावरे को कुलपति के रूप में यह जिम्मेदारी उनके वर्तमान दायित्वों के साथ सौंपी गई है। यानी वे रायपुर संभागायुक्त के पद पर रहते हुए ही विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार भी देखेंगे। इस नियुक्ति के साथ ही कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय को एक नया नेतृत्व मिला है। विश्वविद्यालय के छात्र, शिक्षक और कर्मचारी इस बदलाव के साथ आगे आने वाली नीतियों और निर्णयों का इंतजार कर रहे हैं।