India News (इंडिया न्यूज), CRPF’s Sedwa Camp: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर दौरे के दौरान सीआरपीएफ के सेड़वा कैम्प में रात बिताई और जवानों का हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने जवानों से उनकी समस्याओं पर चर्चा की और नक्सल विरोधी अभियानों में उनकी सफलता की सराहना की। उन्होंने इनामी नक्सलियों को मार गिराने और अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए जवानों की तारीफ की।
बैठक के बाद सीआरपीएफ कैम्प का किया दौरा
मुख्यमंत्री सोमवार को बस्तर विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होने के लिए चित्रकोट पहुंचे थे। बैठक समाप्त होने के बाद उन्होंने सेड़वा में स्थित सीआरपीएफ कैम्प का दौरा किया। कैम्प में रुकने के दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों के साथ खुलकर चर्चा की। जवानों ने मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की।
Himachal Weather Update: ठंड ने किया हाल बेहाल, जारी हुआ घने कोहरे का अलर्ट
पुलिस और सीआरपीएफ की करी सराहना
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर में शांति स्थापना के लिए सीआरपीएफ और पुलिस का प्रयास सराहनीय है। नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पिछले 10 महीनों में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई 30 मुठभेड़ों में 197 नक्सली मारे गए हैं। इनमें से कई नक्सली लाखों रुपये के इनामी थे।
सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव के कारण नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
सीएम ने बताया कि सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव के कारण कई इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया है। झीरम घाटी से जुड़े कई बड़े नक्सली पुलिस के सामने हथियार डाल चुके हैं। इन अभियानों में जवानों ने अदम्य साहस दिखाया है। उन्होंने घायल जवानों के बेहतर उपचार की व्यवस्था के लिए भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि फोर्स के साहस और समर्पण से ही बस्तर में शांति का सपना साकार हो रहा है। जवानों का यह योगदान राज्य और देश के लिए प्रेरणादायक है।