India News (इंडिया न्यूज), Mahashivratri 2025: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पूरे शहर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। बता दें, भगवान शिव की अराधना करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में उमड़ी। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा।
हांसी के सरपंच पर हुआ जानलेवा हमला, दो नकाबपोश युवकों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, मौके से हुए फरार
महापौर ने की पूजा-अर्चना
इस पावन अवसर पर महाशिवरात्रि के दिन जगदलपुर के महापौर संजय पांडे दलपत सागर पहुंचे और भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बस्तर की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके साथ-साथ सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। शहर के प्रमुख मंदिरों जैसे महादेव घाट, चांदनी चौक, दलपत सागर, प्रतापगंज पारा और अन्य शिवालयों में भक्ति का माहौल बना रहा। शिव भक्त जल, दूध, बेलपत्र और फूल अर्पित कर भगवान शिव की आराधना कर रहे थे। आज, महाशिवरात्रि की रात शिव मंदिरों में खास भजन-कीर्तन और जागरण का आयोजन किया गया। दूसरी तरफ, कई भक्तों ने उपवास रखकर भगवान शिव की आराधना की और गंगाजल से अभिषेक किया।
भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का पर्व
माना जाता है कि, महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। यही कारण है कि इस दिन को बहुत शुभ माना जाता है। भक्त इस अवसर पर दांपत्य सुख और मनचाहे जीवनसाथी की प्राप्ति के लिए भगवान शिव से प्रार्थना करते हैं। ऐसे में, बस्तर जिले में महाशिवरात्रि का पर्व पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भंडारे का आयोजन भी किया गया। हर तरफ भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। भगवान शिव के जयघोष के साथ भक्तों ने शिवरात्रि पर्व को उल्लास और भक्ति भाव से मनाया।