India News (इंडिया न्यूज), Municipal Elections 2025: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव 2025 के लिए 11 फरवरी को मतदान होना है। इसके लिए आज मतदान सामग्री का वितरण किया गया और मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। महासमुंद जिले के तीन नगर पालिका और तीन नगर पंचायतों में कुल 144 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

मतदान केंद्रों के लिए सामग्री वितरित

मतदान सामग्री वितरण महासमुंद नगर पालिका के लिए कृषि उपज मंडी से किया गया। वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी निकायों में मतदान सामग्री का वितरण सुबह 7 बजे से शुरू कर दिया गया है। इसके लिए जिले में छह स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं, जहां से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए सामग्री वितरित की गई।

मुस्लिम समाज ने शादी में बैंड-डीजे पर लगाया प्रतिबंध, नहीं मानने पर लगेगा जुर्माना
मतदान केंद्रों का विवरण

महासमुंद नगर पालिका- 60 मतदान केंद्र
बागबाहरा नगर पालिका- 21 मतदान केंद्र
सरायपाली नगर पालिका- 18 मतदान केंद्र
तुमगांव नगर पंचायत- 15 मतदान केंद्र
पिथौरा नगर पंचायत- 15 मतदान केंद्र
बसना नगर पंचायत- 15 मतदान केंद्र

प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पीठासीन अधिकारी और तीन मतदान दलों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 10 प्रतिशत कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है, ताकि किसी आपात स्थिति में उनकी तैनाती की जा सके।

जिले में मतदाताओं की संख्या

जिले के छह नगरीय निकायों में कुल 1,03,692 मतदाता हैं। इनमें 49,408 पुरुष, 54,271 महिला और 13 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। यह मतदाता 5 अध्यक्ष और 102 पार्षद पदों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

निर्विरोध चुनाव

इस चुनाव में एक अध्यक्ष और तीन पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं। प्रशासन ने मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं। अब सभी की नजरें 11 फरवरी पर टिकी हैं, जब महासमुंद जिले के मतदाता अपने जनप्रतिनिधियों का चयन करेंगे।

सोशल मीडिया पर महिलाओं को ब्लैकमेल करने वाले गिरोह की हरकते जान रह जाएंगे हैरान…उत्तराखंड पुलिस ने किया भंडाफोड़