India News (इंडिया न्यूज़), Naxalite In CG: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर खूनी खेल खेलते हुए 30 वर्षीय हड़मा इमला की निर्मम हत्या कर दी। नक्सलियों ने उसे पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाकर अगवा किया और जंगल में ले जाकर गला रेत दिया। घटना मंगलवार देर रात अरनपुर थाना क्षेत्र के ककाड़ी गांव की है। हथियारबंद नक्सलियों का एक समूह हड़मा इमला को उसके घर से जबरन उठाकर जंगल की ओर ले गया। कुछ घंटे बाद उसकी हत्या कर शव गांव के पास फेंक दिया। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस वारदात के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, हाल के दिनों में नक्सली लगातार पुलिस मुखबिरी के शक में आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं।

ऑनलाइन गेम से शुरू हुई प्रेम कहानी,पहले की शादी फिर लौट गयी अपने घर, जाने ये अनोखा मामला

बीजापुर में भी दो लोगों की नृशंस हत्या

इससे एक दिन पहले बीजापुर जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र के बुगदीचेरू गांव में भी नक्सलियों ने पुलिस मुखबिर होने के संदेह में करम राजू (32) और माडवी मुन्ना (27) की हत्या कर दी थी। दोनों को घर से खींचकर धारदार हथियारों से गला रेत दिया गया। घटनास्थल पर माओवादियों की जगरगुंडा एरिया कमेटी का पर्चा भी मिला, जिसमें मृतकों को पुलिस के लिए काम करने का दोषी बताया गया था।

नक्सली हिंसा का बढ़ा दायरा

हाल ही में 26 जनवरी को बीजापुर के भैरमगढ़ में और 16 जनवरी को मिरतुर में भी मुखबिर होने के शक में हत्याएं हुई थीं। पुलिस के अनुसार, *2023 में बस्तर क्षेत्र में नक्सली हमलों में 68 नागरिकों की जान जा चुकी है। सुरक्षा बलों के लगातार अभियानों से नक्सली कमजोर हो रहे हैं, लेकिन वे दहशत फैलाने के लिए निर्दोष ग्रामीणों की हत्या कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि नक्सली हिंसा के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।