India News(इंडिया न्यूज),NIA Action in Raipur:छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने नक्सलियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मूलवासी बचाओ मंच (MBM) से जुड़े नेता रघु मिडियामी को गिरफ्तार कर लिया है। रघु मिडियामी पर नक्सलियों को फंडिंग करने और भारत विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप है। NIA की टीम ने गुरुवार को बीजापुर में छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया और फिर स्पेशल कोर्ट, जगदलपुर में पेश किया।

नक्सलियों को करता था फंडिंग

NIA को पुख्ता सबूत मिले हैं कि रघु मिडियामी अपनी संस्था ‘मूलवासी बचाओ मंच’ के जरिए पैसे जुटाकर नक्सलियों तक पहुंचाता था। वह सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि झारखंड और तेलंगाना में भी आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन आयोजित करता था। जांच में सामने आया है कि रघु मिडियामी प्रतिबंधित नक्सली संगठन ‘भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी)’ से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ था। वह बस्तर क्षेत्र में MBM की आड़ में नक्सल गतिविधियों को समर्थन और आर्थिक मदद देता था।

करोड़ों की साइबर ठगी का ठग दिल्ली से अरेस्ट,क्राइम ब्रांच को जो बताया चौंके अधिकारी

बस्तर में कैंप के विरोध में जुटा रहा था भीड़

NIA की रिपोर्ट के मुताबिक, रघु मिडियामी बस्तर में सरकारी कैंपों के खिलाफ प्रदर्शन आयोजित कर रहा था। वह सिलगेर में खुले सुरक्षाबलों के कैंप के विरोध में भी लगातार लोगों को उकसाने और प्रदर्शन करने में लगा था। NIA की टीम को जांच के दौरान रघु मिडियामी के बैंक ट्रांजेक्शन से नक्सलियों को फंडिंग करने के ठोस सबूत मिले। इसी आधार पर उसकी गिरफ्तारी की गई है। बताया जा रहा है कि वह नक्सलियों के लिए पैसा इकट्ठा करने, भंडारण और वितरण की पूरी योजना तैयार करता था।

NIA का शिकंजा और कसेगा

रघु मिडियामी की गिरफ्तारी नक्सलियों की फंडिंग पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, NIA आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां कर सकती है और नक्सली नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई तेज कर सकती है।