India News (इंडिया न्यूज), CG News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के गातापार थाना क्षेत्र के ग्राम गुमानपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां गहनों की लालच में एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी सेवक राम खेलवार को गिरफ्तार कर लिया है।
गहनों की लालच में कर दी हत्या
बता दें, आरोपी सेवक राम खेलवार (45 वर्ष), निवासी लालमाटी, ग्राम मुढ़ीपार, 7 फरवरी 2025 की शाम 7 बजे मृतिका पुनीता सिन्हा (55 वर्ष) के मुर्गा दुकान के पास बाजार में पहुंचा। ऐसे में, वापस जाते समय उसने मृतिका को अकेले जाते देखा और उसके गहनों को लूटने की नीयत से उसे गुमानपुर खार ले जाने की बात कही। आरोपी ने झूठी कहानी गढ़ते हुए कहा कि मृतिका के बेटे प्रकाश सिन्हा को कुछ लोग पकड़कर मारपीट कर रहे हैं और पैसे की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मृतिका उसकी बातों में आकर मोटरसाइकिल में बैठकर ग्राम गुमानपुर खार चली गई। वहां पहुंचने के बाद, आरोपी ने मृतिका को जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह अचेत हो गई। इसके बाद आरोपी ने मृतिका की साड़ी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और गहने लूटकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
बताया गया है कि, गुमानपुर खार में हुई इस हत्या की गुत्थी पुलिस ने साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक अनिल शर्मा और थाना प्रभारी आलोक साहू के नेतृत्व में सुलझा ली। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 238, 311, 66 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।