India News (इंडिया न्यूज), Aam Aadmi Party Latest News : राजधानी दिल्ली में इस वक्त बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। असल में आम आदमी पार्टी (AAP) के 15 निगम पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा देकर नई पार्टी के गठन का ऐलान कर दिया है। अब इस घटना के बाद दिल्ली नगर निगम यानी एमसीडी में तीसरा मोर्चा खुल गया है।
आप पार्टी छोड़ने वाले पार्षदों ने अपनी नई पार्टी का नाम ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ रखा है। इसके अध्यक्ष मुकेश गोयल को बनाया गया है। जबकि इसके पीछे की रणनीति में हेमचंद गोयल की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के गठन और AAP नेतृत्व के खिलाफ नाराजगी को खुलकर जाहिर किया गया।
AAP में सारी ताकत एक शख्स के पास
मुकेश गोयल की तरफ से की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, निगम का मतलब होता है सत्ता का विकेंद्रीकरण, लेकिन AAP ने सारी ताकत एक ही व्यक्ति के हाथ में केंद्रित कर दी। ऊपर से आदेश आते थे, नीचे कोई सुनवाई नहीं होती थी। अधिकारियों को कहो तो वे टाल देते हैं। पार्षद सिर्फ नाम के रह गए हैं। उन्होंने बताया कि AAP पार्षदों को भत्ता महज 300 रुपये मिलता है, और उनका वेतन केवल दिखावे का लालीपॉप है।
गोयल ने आगे बताया कि, एक लाख रुपये की सैलरी दिखा दी गई, लेकिन असल में पार्षद के पास कोई अधिकार नहीं है. उन्हें बजट तक नहीं मिला. अधिकारी सुनते नहीं और सत्ता पक्ष टकराव में लगा है. ऐसे में जनता की सेवा कैसे हो?
AAP पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप
केजरीवाल के अलावा मुकेश गोयल ने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम में जनहित के काम ठप पड़े हैं और आम आदमी पार्टी अपने मूल उद्देश्य से भटक गई है। ऐसे में पार्षदों को अधिकार देने वाली, काम का विकेंद्रीकरण करने वाली और जनता से सीधे जुड़ने वाली पार्टी की जरूरत है। मुकेश गोयल ने कहा, हम उस पार्टी का समर्थन करेंगे जो जनहित की बात करेगी।