India News(इंडिया न्यूज़) Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में राजनीति की नई इबारत लिखी जा रही है। इस बार कालकाजी विधानसभा सीट पर चुनाव इसलिए खास है क्योंकि यहां से ट्रांसजेंडर राजन सिंह ने ‘आम जनता पार्टी’ के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। यह कदम न सिर्फ दिल्ली की राजनीति में ट्रांसजेंडर समुदाय की भागीदारी को बढ़ावा देने वाला है, बल्कि इस समुदाय के अधिकारों और समस्याओं को मुख्य राजनीतिक मंच पर लाने का एक सशक्त प्रयास भी है।
BJP ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट, PM मोदी-अमित शाह समेत 6 राज्यों के CM उतरेंगे प्रचार में
ट्रांसजेंडर राजन सिंह ने दिल्ली सरकार पर किया तीखा हमला
अपना नामांकन दाखिल करते समय राजन सिंह ने संविधान की प्रति हाथ में लेकर अर्धनारीश्वर स्वरूप में जनता को समानता और अधिकार का संदेश दिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आज भी दिल्ली सरकार ने हमारे समुदाय के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। न तो हमारे पास शौचालय की सुविधा है, न ही कोई अन्य बुनियादी अधिकार। हमें आज भी समाज में अछूत माना जाता है।
इस चुनाव के जरिए मैं न सिर्फ अपने समुदाय के लिए बल्कि हर वंचित वर्ग के लिए आवाज उठाना चाहता हूं। राजन सिंह ने दिल्ली सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि हर राजनीतिक दल चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे करता है, लेकिन ट्रांसजेंडर समुदाय को अब तक नजरअंदाज किया गया है। हमारा संघर्ष सिर्फ बुनियादी सुविधाओं के लिए नहीं है, बल्कि समाज में सम्मान और समान अधिकार पाने के लिए भी है।
इससे पहले भी लड़ चुके हैं लोकसभा चुनाव
यह पहली बार नहीं है कि राजन सिंह चुनावी मैदान में उतरे हैं। इससे पहले भी वे लोकसभा चुनाव में हिस्सा ले चुके हैं। इस बार उनकी उम्मीदें कालकाजी विधानसभा सीट पर टिकी हैं, जहां से वे ट्रांसजेंडर समुदाय की आवाज को मजबूत राजनीतिक पहचान देना चाहते हैं।
कालकाजी में बदलते समीकरण
राजन सिंह के नामांकन ने कालकाजी में चुनावी समीकरणों को नया आयाम दिया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता ट्रांसजेंडर समुदाय के उम्मीदवार का समर्थन कर बदलाव का संकेत देती है या नहीं। परंपरागत रूप से कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में मुख्य मुकाबला भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच होता रहा है। लेकिन इस बार राजन सिंह ने अपनी मौजूदगी से इस त्रिकोणीय मुकाबले को चतुष्कोणीय बना दिया है।