India News (इंडिया न्यूज),Delhi Weather Today: राजधानी दिल्ली में इस महीने यानी अप्रैल में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीँ मौसम विभाग का कहना है कि, राजधानी में अप्रैल का महीना 15 साल में दूसरी बार सबसे गर्म रहा। अब तक के दिनों का औसत अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब दो डिग्री ज्यादा है। बाकी दिनों में भी भीषण गर्मी के आसार हैं। इससे पहले मार्च का महीना भी सामान्य से करीब ढाई डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा था। वहीँ अब लोगों को ये चिंता सताने लगी है कि मई-जून का महीना कैसा रहने वाला है।
- गर्मी ने तोड़ा सालों का रिकॉर्ड
- मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
गर्मी ने तोड़ा सालों का रिकॉर्ड
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल के दिनों का अब तक का औसत अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीँ अप्रैल के महीने में दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग का औसत अधिकतम तापमान आमतौर पर 36.5 डिग्री सेल्सियस रहता है। इससे पहले साल 2022 में अप्रैल का महीना काफी गर्म रहा था। तब औसत तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, साल 2011 से 2025 तक के आंकड़े बताते हैं कि यह अप्रैल पिछले 15 सालों में दूसरा सबसे गर्म अप्रैल है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
गुरुवार को दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया है। गुरुवार सुबह से ही दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में तेज धूप खिली रही। मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। आर्द्रता का स्तर 60 से 13 प्रतिशत तक रहा।