India News(इंडिया न्यूज),Arvind Kejriwal: दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अब सार्वजनिक तौर पर कम ही नजर आ रहे हैं। इस बीच वे 10 दिनों के लिए विपश्यना ध्यान में शामिल हो रहे हैं। इसके लिए वे पंजाब के होशियारपुर स्थित ध्यान केंद्र में रहेंगे। 5 मार्च से 15 मार्च तक केजरीवाल होशियारपुर के महिलांवाली गांव के पास आनंदगढ़ में धम्म-धज विपश्यना योग केंद्र में ध्यान लगाएंगे। यह केंद्र शिवालिक पर्वत श्रृंखला की तलहटी में स्थित है।
धम्म सिखरा और धम्म धज धर्मशाला के काफी नजदीक हैं। यह धम्म सिखरा का अतिरेक पूरा करता है। वर्तमान में केंद्र में 52 पुरुष आवास (36 एकल कमरे) और 38 महिला आवास (18 एकल कमरे) हैं। केंद्र में 68 व्यक्तिगत ध्यान कक्षों वाला एक शिवालय भी है। हालांकि ध्यान केंद्र विपश्यना के लिए यहां आने वाले लोगों से कोई शुल्क नहीं लेता है और अनुभव के आधार पर विपश्यना करने वाले लोग यहां जो चाहें दान कर सकते हैं।
पहले भी विपश्यना पर जा चुके हैं केजरीवाल
यह पहली बार नहीं है जब अरविंद केजरीवाल इस प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं। इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 से पहले दिसंबर 2023 में भी उन्होंने होशियारपुर के इस ध्यान केंद्र में 10 दिन बिताए थे। इससे पहले दिसंबर 2023 में अरविंद केजरीवाल होशियारपुर गए थे। उस समय ईडी उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। उस समय केजरीवाल बार-बार अनुरोध करने के बाद भी ईडी के सामने पेश नहीं हो रहे थे।
केजरीवाल के पंजाब दौरे से बढ़ा सियासी पारा
हालांकि अरविंद केजरीवाल के इस पंजाब दौरे को लेकर काफी सियासी बवाल मचा हुआ है। विपक्षी दलों कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल विपश्यना के बहाने पंजाब में सत्ता पर कब्जा करने का रास्ता खोजेंगे। इसके साथ ही विपक्षी दलों ने अरविंद केजरीवाल के विपश्यना केंद्र पहुंचने पर उनके साथ मौजूद पंजाब सरकार की सरकारी गाड़ियों और पंजाब पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ियों के लंबे काफिले पर भी सवाल उठाए हैं।
विपक्षी दलों का कहना है कि विपश्यना करने आने वाले व्यक्ति को इतने ताम-झाम की क्या जरूरत है? अरविंद केजरीवाल अब दिल्ली के विधायक भी नहीं हैं। अगर वह किसी संवैधानिक पद पर नहीं हैं तो फिर पंजाब सरकार ने किस आधार पर उन्हें इतना बड़ा सरकारी अमला मुहैया कराया है और यह सब पंजाब सरकार की कीमत पर हो रहा है। वहीं, अरविंद केजरीवाल की विपश्यना यात्रा को लेकर मचे सियासी बवाल पर आम आदमी पार्टी ने भी प्रतिक्रिया दी है।