India News (इंडिया न्यूज)Arvind kejriwal: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल की हार के बाद अब उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। केजरीवाल अपनी नई पारी की शुरुआत पंजाब से कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि वह पंजाब से राज्यसभा जा सकते हैं। हालांकि, अभी तक इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है और पंजाब के ज्यादातर आम आदमी पार्टी नेता, प्रवक्ता और सरकार के मंत्री इस बात से इनकार कर रहे हैं।
Delhi Yamuna Cleaning: सुप्रीम कोर्ट ने यमुना सफाई पर जताई उम्मीद, सरकार बदलाव से हो सकता है सुधार
पंजाब से राज्यसभा जाने की तैयारी में केजरीवाल?
सूत्रों के अनुसार कहा जा रहा है कि पूर्व सीएम केजरीवाल राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा की जगह ले सकते हैं। वहीँ, अरोड़ा उपचुनाव के जरिए राज्य की राजनीति में एंट्री कर सकते हैं। खबरें यह भी हैं कि संजीव अरोड़ा लुधियाना पश्चिम सीट से आगामी विधानसभा उपचुनाव लड़ सकते हैं।
बता दें, लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट विधायक गुरप्रीत गोगी के आकस्मिक निधन के कारण खाली हुई है। संजीव अरोड़ा पंजाब के बड़े कारोबारी हैं और लुधियाना से भी ताल्लुक रखते हैं। उन्हें अरविंद केजरीवाल का भी काफी करीबी माना जाता है।
आम आदमी पार्टी ने दावों का खंडन किया
पंजाब विधानसभा का सत्र चल रहा है और इस मुद्दे पर पंजाब की राजनीति भी गरमा गई है। जिसके बाद पंजाब सरकार के मंत्रियों और पार्टी प्रवक्ताओं की फौज इस खबर का खंडन करने के लिए सामने आई। आम आदमी पार्टी ने पंजाब के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा की सीट खाली कराकर अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजे जाने की खबर का खंडन किया है।
पंजाब के खनन मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि यह महज एक अफवाह है जो कुछ विपक्षी दलों द्वारा फैलाई जा रही है, अभी तक ऐसी कोई बात पार्टी के टेबल पर नहीं आई है और न ही इस पर चर्चा हुई है। वहीं आम आदमी पार्टी के पंजाब के मुख्य प्रवक्ता नील गर्ग ने भी इन खबरों को खारिज करते हुए कहा कि अभी तक पार्टी स्तर पर ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है और न ही उनके पास ऐसी कोई जानकारी है।