India News(इंडिया न्यूज),Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार (4 मार्च) से विपश्यना के लिए जाएंगे। दिल्ली के पूर्व सीएम पंजाब के होशियारपुर विपश्यना केंद्र का दौरा करेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार वह राष्ट्रीय राजधानी से बाहर जाकर विपश्यना केंद्र का दौरा कर रहे हैं।
CG High Court: छत्तीसगढ़ HC का बड़ा ऐलान! प्राइवेट स्कूलों की 5वीं-8वीं की परीक्षाओं पर सरकार का नियंत्रण खत्म
पहले भी विपश्यना पर जा चुके हैं
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इससे पहले भी विपश्यना शिविरों में हिस्सा ले चुके हैं। केजरीवाल पिछली बार भी इसी विपश्यना केंद्र में गए थे। इससे पहले केजरीवाल धर्मकोट, नागपुर और बेंगलुरु में कई विपश्यना सत्रों में शामिल हो चुके हैं।
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। यहां से उन्हें बीजेपी के प्रवेश वर्मा ने हराया था। अरविंद केजरीवाल को लेकर बीजेपी ने यहां तक दावा किया कि वे अब राज्यसभा जाने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इसे सिरे से खारिज कर दिया।
भाजपा ने ली चुटकी
इस बीच, दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने विपश्यना का जिक्र करते हुए उन पर चुटकी ली। उन्होंने कहा, “वे अब देश में कहीं नहीं जा सकते, क्योंकि उन्हें फ्लाइट नहीं मिलेगी। एक बार सीएजी की रिपोर्ट आ जाए और और मामले दर्ज हो जाएं, तो उन्हें जेल में विपश्यना के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा।”
केजरीवाल ने पंजाब के सीएम से की मुलाकात
दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 11 फरवरी को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के अन्य विधायकों से मुलाकात की। आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 48 सीटें जीतीं, जबकि आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर सिमट गई। वहीं, एक बार फिर कांग्रेस इस चुनाव में अपना खाता भी नहीं खोल पाई।
क्या है विपश्यना?
विपश्यना एक प्राचीन भारतीय ध्यान पद्धति है। इसका शाब्दिक अर्थ है देखकर लौट जाना। इसमें भाग लेने वाले लोग कुछ समय के लिए खुद को संचार प्रक्रिया से अलग कर लेते हैं। इस दौरान वे न तो किसी से संवाद करते हैं और न ही किसी संकेत के जरिए बात करते हैं। आत्मशुद्धि और आत्मनिरीक्षण के लिए यह एक उत्कृष्ट ध्यान पद्धति मानी जाती है। इससे तनाव से भी मुक्ति मिलती है।