India News(इंडिया न्यूज़),CM Rekha Gupta: दिल्ली की नई भाजपा सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए महिला समृद्धि योजना की शुरुआत कर दी है। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने योजना की पहली किस्त जारी की। इस योजना के तहत दिल्ली की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे।
क्या बोलीं CM रेखा गुप्ता
बता दें कि, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महिला दिवस पर इससे बड़ा सम्मान कुछ नहीं हो सकता कि दिल्ली की कमान एक महिला के हाथ में है। उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने कभी किसी महिला को आगे नहीं बढ़ने दिया, जबकि भाजपा ने यह कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का बजट पेश करती हैं, उसी तरह दिल्ली में मुख्यमंत्री के रूप में वे योजनाओं को लागू करेंगी।
कैबिनेट बैठक में महिला समृद्धि योजना को मिली मंजूरी
भाजपा ने अपने विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में इस योजना का वादा किया था, जिसे पूरा करने की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता लगातार काम कर रही थीं। सरकार बनने के बाद से इस योजना को लागू करने के लिए कई दौर की बैठकों के बाद इसकी रूपरेखा तैयार की गई और कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चुनावी रैलियों में महिला दिवस के दिन योजना शुरू करने की बात कही थी, जिसे अब साकार किया गया है। महिला समृद्धि योजना के तहत सरकार हर महीने पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 2500 रुपये ट्रांसफर करेगी। इस योजना का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को मिलेगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी। इस मौके पर हजारों महिलाओं की उपस्थिति में योजना के शुभारंभ को ऐतिहासिक बताया गया और इसे महिलाओं के सम्मान की दिशा में एक बड़ा कदम करार दिया गया।