India News (इंडिया न्यूज),CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस समय एक्शन मोड में हैं। दरअसल इसी के चलते दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज राजधानी के कई इलाकों के निरीक्षण दौरे पर निकलीं। इस दौरान CM रेखा इंद्रलोक से लेकर सिंघलपुर तक अलग-अलग इलाकों में पहुंची। यहां जाकर उन्होंने जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए जल्द से जल्द सभी समस्याओं का निपटारा करने को कहा। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने कई जगहों का पैदल निरीक्षण भी किया और आम लोगों से सीधे तौर पर बातचीत भी की ।
दिल्ली को संवारने निकली CM रेखा
आपकी जानकारी के लिए बता दें इस दौरे की शुरुआत सुबह इंद्रलोक से हुई, जहां मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे कूड़ा, जाम और जल निकासी जैसी समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ सांसद प्रवीण खंडेलवाल और उपराज्यपाल वीके सक्सेना भी मौजूद रहे।इतना ही नहीं बल्कि सीएम ने स्थानीय लोगों से बात की और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इलाकों की खस्ता हालत देखते हुए CM रेखा ने लोगों से जल्द से जल्द समाधान होने का वादा भी किया।
पैदल किया निरीक्षण
वहीं फिर CM रेखा गुप्ता प्रेमबाड़ी पुल के पास नहर पर पहुंचीं। इस इलाके में अक्सर जलभराव की समस्या रहती है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है। मुख्यमंत्री ने यहां अधिकारियों से पूछा कि अब तक क्या कार्रवाई हुई और कितने समय में काम पूरा हो जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि जनता को बार-बार परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री का अगला पड़ाव सिंघलपुर लेबर चौक था। वहां पहुंचकर उन्होंने पैदल ही इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेला मालिकों, रिक्शा चालकों और सड़क पर चल रहे लोगों से बात की। ज्यादातर लोगों ने सफाई और यातायात की समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि हमारी सरकार जनता की सरकार है। हमें उनकी बात सुननी है और कार्रवाई करनी है।