India News (इंडिया न्यूज), Delhi Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है। बता दें, 10 साल बाद पार्टी ने राजधानी में मजबूत वापसी की तैयारी करते हुए अब तक 70 में से 47 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। बाकी सीटों पर भी जल्द उम्मीदवारों के नाम सामने आने की संभावना है। कांग्रेस के नेता बीजेपी और आम आदमी पार्टी दोनों पर निशाना साधते हुए जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हैं।
तीसरी गारंटी का होगा ऐलान
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट रविवार को बेरोजगारी भत्ते की योजना के तहत पार्टी की तीसरी गारंटी का ऐलान करेंगे। यह घोषणा दोपहर 1 बजे की जाएगी। इससे पहले कांग्रेस ने महिलाओं को 2500 रुपये की आर्थिक सहायता देने वाली योजना ‘प्यारी दीदी’ का ऐलान किया था। पार्टी इस गारंटी को युवाओं और महिलाओं के लिए एक बड़ा कदम मान रही है। इस दौरान दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आम आदमी पार्टी पर शराब नीति में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। आगे, उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सीएजी रिपोर्ट को विधानसभा में पेश करने से बच रहे हैं ताकि उनके भ्रष्टाचार का खुलासा न हो सके।
कांग्रेस की उम्मीद
बता दें, देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में दिल्ली में जितने विकास कार्य हुए, वे आज भी मिसाल हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता AAP को सबक सिखाएगी और कांग्रेस को सत्ता में वापस लाएगी। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की गारंटी योजनाओं और तेज प्रचार अभियान से चुनावी माहौल गरमा चुका है। अब जनता के फैसले का इंतजार है।
ग्रेटर नोएडा की केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आस-पास के लोगों को सांस लेने में परेशानी