India News (इंडिया न्यूज़),Delhi Assembly Speaker: दिल्ली विधानसभा के पहले सत्र में बीजेपी विधायक विजेंद्र गुप्ता को विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रखा, जिसे बहुमत से मंजूरी मिली। स्पीकर बनने के बाद नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने उनसे हाथ मिलाकर बधाई दी, लेकिन इसके बाद सदन में हंगामा भी देखने को मिला।
फोटो हटाने के मुद्दे पर गरमाया सदन
नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने विधानसभा में सीएम कार्यालय से डॉ. भीमराव आंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें हटाने का मुद्दा उठाया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सख्त लहजे में कहा कि सदन को राजनीतिक मंच नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल शिष्टाचार संबोधन था, लेकिन विपक्ष का गैर-जिम्मेदाराना रवैया स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई नियम-कानून का उल्लंघन करेगा, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
UP में पिता का चल रहा था इश्क..बाप की हत्या की सुपारी, जानें चप्पल ने खोला राज
स्पीकर चुनाव और शपथ ग्रहण समारोह
इससे पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने जानकारी दी कि विधानसभा में सभी विधायकों का शपथ ग्रहण पूरा हो चुका है। दोपहर 2 बजे स्पीकर का चुनाव हुआ, जिसके कुछ समय बाद ही विजेंद्र गुप्ता के नाम की घोषणा कर दी गई।
विजेंद्र गुप्ता का राजनीतिक सफर
61 वर्षीय विजेंद्र गुप्ता रोहिणी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने करियर की शुरुआत की और दिल्ली विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। नगर निगम पार्षद से लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तक का सफर तय करने के बाद अब उन्हें विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विधानसभा के इस पहले सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली, जिससे साफ है कि आने वाले दिनों में सदन में राजनीतिक गहमागहमी बनी रहेगी।