India News (इंडिया न्यूज),Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण कर लिया है, जिसके बाद उन्हें देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। विशेष रूप से राजस्थान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके इस मुकाम तक पहुंचने को प्रेरणादायक बताया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उप-मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि यह हर महिला के लिए गर्व का विषय है कि भाजपा ने एक महिला को दिल्ली की कमान सौंपी है।
भाजपा महिलाओं को सशक्त बनाने में आगे रही है- भजनलाल शर्मा
भजनलाल शर्मा, जो दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय रूप से प्रचार कर चुके हैं। भजनलाल शर्माने कहा कि दिल्ली की जनता ने झूठ और लूट की राजनीति को खत्म करने के लिए भाजपा को चुना है। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता पार्टी के निचले स्तर से उठकर यहां तक आई हैं, इसलिए वे निश्चित रूप से अच्छा काम करेंगी। राजस्थान की उप-मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भी रेखा गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शीर्ष नेतृत्व को भी इसके लिए धन्यवाद देना चाहिए, जिन्होंने महिलाओं को इस तरह का बड़ा अवसर दिया। उन्होंने इसे महिलाओं के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि भाजपा हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने में आगे रही है।
अब “डबल इंजन” सरकार चलेगी- मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस ऐतिहासिक क्षण पर खुशी जताते हुए कहा कि 26 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है और अब “डबल इंजन” सरकार चलेगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी के 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के फैसले से जोड़ते हुए कहा कि यह उसी दिशा में एक और बड़ा कदम है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा ने जो वादे किए हैं, वे सभी पूरे होंगे और दिल्ली को बेहतर शासन मिलेगा। रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद भाजपा समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी नेताओं का मानना है कि दिल्ली में सत्ता परिवर्तन का असर राष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ेगा और यह भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण जीत साबित होगी।
महाकुंभ स्नान को गई थी महिला, साथ ले आई ये अजीब सी दिखने वाली चीज, वीडियो देख दंग रह गए लोग