India News( इंडिया न्यूज़),Delhi Election: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर यमुना के प्रदूषण को लेकर तीखा हमला बोला है। सैनी ने शुक्रवार को केजरीवाल को वजीराबाद पॉइंट पर यमुना का पानी पीने की चुनौती दी और आरोप लगाया कि केजरीवाल अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए सस्ती राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से दिल्ली के लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं और इसके लिए केजरीवाल जिम्मेदार हैं।

10 वर्षों में कोई ठोस कदम नहीं उठाया- नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को वजीराबाद घाट पर पत्रकारों के सामने हरियाणा और दिल्ली के पानी के नमूने पेश किए और दोनों के बीच अंतर को उजागर किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने हरियाणा-दिल्ली सीमा पर पल्ला घाट पर हरियाणा द्वारा दिल्ली को आपूर्ति किए जाने वाले पानी को खुद पिया था, जो स्वच्छ था, लेकिन दिल्ली से छोड़ा गया पानी पीने लायक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने यमुना की सफाई की बात तो की, लेकिन पिछले 10 वर्षों में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

अब्बास अंसारी की जान को है किससे खतरा, खुद किया हैरान कर देने वाला खुलासा

यमुना नदी को लेकर नायब सैनी का बड़ा बयान

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने न तो नालों और सीवरों की सफाई की और न ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स को सही तरीके से संचालित किया। उन्होंने दावा किया कि यमुना एक पवित्र नदी है, लेकिन दिल्ली में नालों से बहकर आने वाला गंदा पानी इसे प्रदूषित कर रहा है, जिसके लिए आम आदमी पार्टी की सरकार जिम्मेदार है। यह बयान तब आया जब हाल ही में केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार ने यमुना के जरिए दिल्ली को आपूर्ति किए जा रहे पानी में जहर मिलाया है। केजरीवाल ने कहा था कि भाजपा सरकार दिल्ली में अराजकता फैलाने के लिए ऐसा कर रही है ताकि इसके लिए आम आदमी पार्टी को दोषी ठहराया जा सके। भाजपा की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने केजरीवाल को इस मामले में नोटिस जारी किया था, जिसका उन्होंने जवाब भी दिया।

यमुना का पानी पीने की दी चुनौती- हरियाणा मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “फरीदाबाद में केजरीवाल सामूहिक नरसंहार करना चाहते हैं। मैं उन्हें वजीराबाद में यमुना का पानी पीने की चुनौती देता हूं। मैंने पल्ला गांव में यमुना का पानी पिया था, लेकिन जब तक यह पानी दिल्ली के वजीराबाद तक पहुंचता है, यह पूरी तरह जहरीला हो जाता है।” उन्होंने दिल्ली सरकार पर पानी के कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे फरीदाबाद तक पानी की गुणवत्ता प्रभावित होती है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

Delhi Election: संजय सिंह का बड़ा दावा, कहा- ‘दिल्ली में बनेगी AAP की सरकार, 60 से ज्यादा सीटें आएगी हमारे हाथ’