India News Delhi (इंडिया न्यूज़), Delhi Election Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद अब मुख्यमंत्री पद के लिए नामों की चर्चा तेज हो गई है। भाजपा ने चुनाव से पहले किसी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं किया था, जिससे अब कई नामों पर अटकलें लगाई जा रही हैं। संभावित दावेदारों में प्रवेश वर्मा, सतीश उपाध्याय, विजेंद्र गुप्ता, रेखा गुप्ता और आशीष सूद शामिल हैं।
अगले 10 दिनों में होगा ऐलान
विधानसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा के अनुसार, अगले 10 दिनों में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। हालांकि, पार्टी के कुछ नेता मानते हैं कि यह फैसला उससे पहले भी लिया जा सकता है। इसके साथ ही, दिल्ली में उपमुख्यमंत्री पद पर भी चर्चा हो रही है।
पूर्वांचली समुदाय को साधने की रणनीति
भाजपा बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में किसी पूर्वांचली नेता को उपमुख्यमंत्री बना सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने चुनाव प्रचार और जीत के बाद के भाषण में पूर्वांचलियों का विशेष रूप से उल्लेख किया था।
मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदार
1. प्रवेश वर्मा – पूर्व सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के पुत्र प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराकर सुर्खियां बटोरीं। वह दो बार सांसद और एक बार विधायक रह चुके हैं। जाट समुदाय को साधने के लिए भाजपा उन्हें मुख्यमंत्री बना सकती है।
2. सतीश उपाध्याय – मालवीय नगर से निर्वाचित उपाध्याय दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। नगर निगम की स्थायी समिति के चेयरमैन और एनडीएमसी के उपाध्यक्ष भी रहे हैं। मूल रूप से आगरा के निवासी हैं।
3. विजेंद्र गुप्ता – रोहिणी से लगातार तीन बार विधायक बने गुप्ता 2015 और 2020 में आप की लहर के बावजूद चुनाव जीते। वे दिल्ली विधानसभा में भाजपा के नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। वैश्य समाज को मजबूत करने के लिए पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री बना सकती है।
4. रेखा गुप्ता – शालीमार बाग से चुनाव जीतने वाली गुप्ता भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और प्रदेश भाजपा की पूर्व महामंत्री भी रह चुकी हैं।
5. आशीष सूद – जनकपुरी से निर्वाचित सूद भाजपा के पंजाबी चेहरे के रूप में जाने जाते हैं। वे प्रदेश भाजपा में महामंत्री और उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में गोवा और जम्मू-कश्मीर भाजपा के सह प्रभारी हैं।
Himachal Weather: आने वाले दिनों में हिमाचल के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश! बर्फबारी की भी संभावना
Delhi Election Result 2025: AAP दिल्ली विधानसभा चुनाव क्यों हार गई? जानिए वजह