India News(इंडिया न्यूज़),Delhi Mahila Samridhi Yojana Date: दिल्ली में बीजेपी सरकार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के लिए बड़ी योजना शुरू करने की तैयारी कर रही है। ‘महिला समृद्धि योजना’ के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। यह योजना 8 मार्च से लागू होने की उम्मीद है, जिसके तहत 21 से 60 वर्ष की वे महिलाएं पात्र होंगी, जिनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम है।
योजना पर दिल्ली के मुख्य सचिव की हुई अहम बैठक
जानकारी के अनुसार, इस योजना पर दिल्ली के मुख्य सचिव की उपस्थिति में एक अहम बैठक हुई, जिसमें पात्रता मानदंडों पर चर्चा की गई। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वित्तीय संबल देना है। विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने यह वादा किया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। योजना के मसौदे को अंतिम रूप दे दिया गया है और इसे जल्द ही मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।
8 मार्च से शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 8 मार्च से शुरू होने की संभावना है। इस मौके पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में कुछ लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से पहली सहायता राशि भी प्रदान की जा सकती है।
किन महिलाओं को मिलेगा लाभ?
इस योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को मिलेगा, जिनकी वार्षिक घरेलू आय तीन लाख रुपये से कम है और जो इनकम टैक्स नहीं भरती हैं। इसके अलावा, उनकी उम्र 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सरकारी नौकरी करने वाली महिलाओं या किसी अन्य सरकारी वित्तीय सहायता योजना की लाभार्थी महिलाओं को इस योजना से बाहर रखा गया है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने हाल ही में कहा था कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगी। सरकार का मानना है कि इस योजना से हजारों महिलाओं को राहत मिलेगी और उनका जीवन स्तर सुधरेगा। महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में यह कदम बड़ा बदलाव ला सकता है।