India News(इंडिया न्यूज़),Delhi NCR Weather: दिल्ली में मौसम इन दिनों तेजी से करवट बदल रहा है। कभी तेज धूप और गर्मी तो कभी अचानक ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का अहसास होने लगा है। बीते दिनों चढ़ते पारे के बाद अब राजधानी में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को सुबह से ही तेज हवाओं और आंशिक बादलों के कारण मौसम में ठंडक महसूस की गई। हवाओं की गति 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे था।
हिमालय से आ रही ठंडी हवाओं का असर
मौसम विभाग के अनुसार, हिमालय क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली ठंडी हवाओं ने दिल्ली के तापमान को प्रभावित किया है। इन हवाओं की गति पश्चिम दिशा से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही, जिससे सर्दी बढ़ गई। गुरुवार को भी ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। इस बदलाव के चलते दिल्ली की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी हुई है, जो स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए चिंता का विषय हो सकता है।
तापमान में अचानक गिरावट का कारण
फरवरी के अंत तक दिल्ली में गर्मी का असर दिखने लगा था, जब 26 फरवरी को तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन 27 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अचानक तापमान में गिरावट आई, जिससे अधिकतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान भी घटकर 9.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। चार दिनों के भीतर तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट देखी गई। वहीं, दिन के तापमान में तेजी बनी रही, जो 31.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिन और रात के तापमान में 21 डिग्री से अधिक का अंतर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति 6 मार्च तक बनी रह सकती है, जिसके बाद तापमान में दोबारा बढ़ोतरी होने की संभावना है।
MP में फिर चली तबादला एक्सप्रेस ,उज्जैन समेत कई जिलों में ASP, DSP बदले